उत्तर प्रदेशमहोबाराज्य खबरें

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन एवं सम्मान समारोह महोबा में आयोजित

महोबा: परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद महोबा में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन एवं सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ज्ञान स्थलीय पब्लिक स्कूल परिसर में सम्पन्न हुआ, जिसमें सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विभागों के सहयोग से पूरे माह जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, वाहन चालकों, छात्रों एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति सजग करना था। समापन समारोह में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं एवं संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी गजल भारद्वाज रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सीओ यातायात, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन एवं प्रवर्तन), यात्री एवं मालकर अधिकारी, बस यूनियन अध्यक्ष राजेन्द्र सोनी, ट्रक यूनियन अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, आल्हा परिषद अध्यक्ष दाऊ तिवारी, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष नेहा चंसौरिया, समाजसेवी नियाज मोहम्मद, रामजी सोनी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन अध्यक्ष सुबोध बिंदुआ, सम्मानित पत्रकार बंधु, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान ज्ञान स्थलीय पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित नाटक, भाषण, पोस्टर प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। छात्रों द्वारा सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने नियमों के पालन का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवन रक्षा का माध्यम है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि 18 वर्ष से कम आयु में वाहन न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आज के बच्चे यातायात नियमों को समझ लेंगे तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।

विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और हमेशा सीट बेल्ट व हेलमेट का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

समारोह के दौरान राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षकों एवं कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों की भी सराहना की गई।

अंत में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, पत्रकार बंधुओं, छात्रों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन की औपचारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button