ट्रेज़री घोटाले में सीबीआई जांच की मांग तेज — राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
50 करोड़ से अधिक के गबन पर उठे सवाल, कहा — “डीएसपी स्तर की जांच नहीं, चाहिए केंद्रीय एजेंसी की पड़ताल

जन एक्सप्रेस, चित्रकूट।चित्रकूट के बहुचर्चित ट्रेज़री घोटाले में अब सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है। करोड़ों रुपये के इस कथित गबन को लेकर समाजसेवी संगठन राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत (श्रवण आर्मी) ने सोमवार को जिलाधिकारी चित्रकूट को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें इस प्रकरण की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग की गई।संगठन ने कहा कि जब घोटाले की राशि 50 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, तो डीएसपी स्तर की समिति द्वारा की जा रही जांच पर्याप्त नहीं मानी जा सकती।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि “मामले में जिले के कई प्रभावशाली अधिकारी और रसूखदार लोग जुड़े हो सकते हैं, ऐसे में स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच की उम्मीद करना कठिन है।”राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत के जिला अध्यक्ष श्री देवेंद्र द्विवेदी और जिला संरक्षक श्री शिवम मिश्रा ने कहा कि यदि इस मामले की जांच पारदर्शी और निष्पक्ष नहीं हुई, तो असली दोषी बच निकलेंगे और सरकार की साख पर सवाल उठेंगे।ज्ञापन सौंपते समय संगठन के अन्य पदाधिकारी और कई सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं की गई, तो वह जन आंदोलन छेड़ने पर विचार करेगा।






