अज्ञात कारणों से राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या का किया प्रयास, हालत गंभीर

जन एक्सप्रेस/चरखारी: महोबा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत छोटा रमना मोहल्ला, चरखारी निवासी मुन्ना राजमिस्त्री पुत्र बाबूलाल उम्र लगभग 50 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के समय परिजन घर पर मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काम से लौटे मुन्ना राजमिस्त्री ने घर के भीतर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब उनकी पत्नी रामकली ने उन्हें इस अवस्था में देखा तो वह चीख पड़ीं। पत्नी की आवाज सुनकर बच्चे मौके पर पहुंचे और तत्काल दरवाजा तोड़कर रस्सी काटते हुए उन्हें नीचे उतारा। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में मुन्ना राजमिस्त्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चरखारी में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल महोबा रेफर कर दिया।
फिलहाल पीड़ित का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आत्महत्या के प्रयास के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






