उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने का हार छीना, आठ लाख की ज्वेलरी लेकर फरार

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर जिले के शाहगंज नगर में मंगलवार रात छिनैती की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चूड़ी मोहल्ला क्षेत्र में वैवाहिक कार्यक्रम में जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने का हार छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी रजनीश सेठ की पत्नी अनीता सोनी मंगलवार की रात मोहल्ले की करीब आधा दर्जन महिलाओं के साथ पैदल हनुमान गढ़ी स्थित एक मैरिज हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। जैसे ही वे चूड़ी मोहल्ला पहुंचीं, उसी दौरान सामने से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का हार छीन लिया।

घटना इतनी अचानक हुई कि महिला संभल भी नहीं पाईं। बदमाश तेज रफ्तार से बाइक मोड़कर मौके से फरार हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

पीड़िता ने तुरंत घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। परिजन उनके साथ शाहगंज कोतवाली पहुंचे और कोतवाली निरीक्षक किरन कुमार सिंह को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

बताया जा रहा है कि छीना गया सोने का हार करीब आठ लाख रुपये कीमत का था। इस बड़ी वारदात से स्थानीय व्यापारियों और महिलाओं में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही छिनैती और लूट की घटनाओं पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर शहर में महिलाओं की सुरक्षा और रात के समय गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर में पुलिस गश्त बढ़ाने और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button