राईपुर गांव में ‘हर घर जल’ योजना का जलवा, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
बदलापुर तहसील क्षेत्र के राईपुर गांव में 'हर घर जल' योजना ने दिखाया असर

जन एक्सप्रेस / जौनपुर : जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण भारत में जल क्रांति लाने की दिशा में एक और बड़ा कदम—बदलापुर तहसील क्षेत्र के राईपुर गांव में ‘हर घर जल’ योजना ने दिखाया असर। शुक्रवार को जिले के डीएम ने गांव का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गांव में बने ओवरहेड टैंक और सोलर पैनल की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने खुद एक घर का नल चालू कर पानी का बहाव देखा और पानी की गुणवत्ता की पुष्टि की।
“ग्रामीणों को अब रोजाना स्वच्छ जल मिल रहा है, और ये योजना उनकी दिनचर्या में बड़ा बदलाव ला रही है,” डीएम ने मौके पर कहा।
स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे बच्चों और मरीजों को साफ पानी मिल रहा है।
गांव वासियों ने भी डीएम को बताया कि अब उन्हें दूर-दराज से पानी लाने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय की बचत और स्वास्थ्य में सुधार दोनों हो रहा है।
राईपुर बना जिले के लिए रोल मॉडल, अब अन्य गांवों में भी इस मॉडल को अपनाने की तैयारी शुरू।
जल जीवन मिशन के तहत चल रही यह परियोजना प्रधानमंत्री के ‘हर घर जल’ संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक ठोस कदम साबित हो रही है।






