
जन एक्सप्रेस/हल्द्वानी(उत्तराखंड) : शादी से पहले हनीमून पर गोवा और कश्मीर ले जाने के वादे, शादी के बाद बदल गए सिर्फ नैनीताल की सैर और रोज़ के झगड़ों में। हल्द्वानी महिला सेल में हाल ही में दर्ज हुई कुछ शिकायतें पुलिस काउंसलिंग टीम के लिए नई चुनौती बन गई हैं। यहां पति द्वारा किए गए “घूमाने” और “गैजेट देने” जैसे वादे पूरे न होने पर पत्नियां थाने पहुंच रही हैं।
न गोवा मिला, न कश्मीर… बस नैनीताल में ‘घुमाकर’ पीछा छुड़ा लिया
पिथौरागढ़ की 24 वर्षीय नवविवाहिता का आरोप है कि शादी से पहले उसके पति ने गोवा ले जाने का वादा किया था, लेकिन शादी के बाद सिर्फ नैनीताल घुमाकर बात खत्म कर दी गई। वहीं छोटी मुखानी की 29 वर्षीय महिला का आरोप है कि पति ने कश्मीर ले जाने की बात कही थी, लेकिन अब समय न होने का बहाना बनाकर टाल रहे हैं।
रील बनानी है, पर iPhone नहीं दिया!
23 साल की एक महिला ने महिला सेल में कहा कि वह सोशल मीडिया पर रील बनाकर अपना करियर बनाना चाहती है, लेकिन उसके पति उसे iPhone नहीं दिला रहे। महिला का आरोप है कि पति उसकी महत्वाकांक्षाओं को नहीं समझते और उसका मज़ाक उड़ाते हैं।
थाने के चक्कर और टूटता भरोसा
हल्द्वानी महिला सेल में पिछले एक साल में 1428 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 80% शिकायतकर्ता 22 से 32 वर्ष की उम्र की महिलाएं हैं। अधिकतर की शादी को तीन-चार साल या छह महीने ही हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदलती सामाजिक अपेक्षाएं और डिजिटल युग की नई ज़रूरतें अब वैवाहिक जीवन में तनाव का नया कारण बन रही हैं।






