:जौनपुरCrimeउत्तर प्रदेश

साधुवेश में ठगों ने महिला से उड़ाया सोने का लॉकेट

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : डिहिया गांव में दिनदहाड़े साधु वेश में बाइक से आये दो अज्ञात ठगों ने एक महिला से तंत्र क्रिया के बहाने गले में पहना सोने का लाकेट ठग लिया। पहले वे भिक्षा मांगने के बहाने घर में प्रवेश कर महिला को अपने झांसे में ले लिए।

गांव निवासी उजाला देवी पत्नी नंदलाल के घर दो अज्ञात व्यक्ति माथे पर तिलक व गेरुआ वस्त्र धारण किए हुए पहुंचे। साधु का भेष धारण किए दोनों ने खुद को तांत्रिक बताते हुए उजाला देवी से भिक्षा मांगी।वे खुद को झाड़-फूंक व तंत्र क्रिया का जानकार बताते हुए गफलतबाजी कर चावल को रूपया बनाकर उसे दिखा दिए। इससे उजाला देवी उनके झांसे में आ गयी। उन्होंने उजाला से शुद्धिकरण के नाम पर उसके गले में पड़ा सोने का लॉकेट मांग लिया।

साधुओं ने लॉकेट को एक कागज में लपेट कर महिला को दे दिया और सख्त हिदायत दी कि वह इसे दो घंटे तक न खोले। उनके जाने के कुछ देर बाद बाद उजाला देवी ने कागज को खोला, तो उसमें केवल चावल निकले। महिला के होश उड़ गए। लॉकेट गायब था। आसपास के लोगों और परिवारीजनों के साथ मिलकर उजाला देवी ने ठगों को खोजने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। पीड़िता ने घटना की सूचना थाने पर दी है। प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम घुसिया ने बताया कि आस पास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा हैं। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button