सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं का जुटा जनसैलाब
पूर्वांचल में मिनी बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध ईटहिया के पंचमुखी शिव मंदिरन

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज: हिंदू धर्म का पवित्र पर्व श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पूर्वांचल में मिनी बाबा धाम के नाम से विख्यात ईटहिया के पंचमुखी शिवलिंग पर विधिविधान से जलाभिषेक व पूजा अर्चना के लिए पूरे जोश के साथ भक्तों का जनसैलाब सुबह भोर से उमड़ने लगा। देखते ही देखते मंदिर परिसर शिव भक्तों से भर गया। पुलिस प्रशासन के लोग बड़ी मशक्कत से भीड़ को नियंत्रित कर रहे थे। वही शिव भजनों व महादेव के जयकारों से माहौल पूरे दिन भक्तिमय रहा।
भारत नेपाल अंतराष्ट्रीय बार्डर से सटे ठूठीबारी कोतवाली अंतर्गत ईटहिया के चर्चित पंचमुखी शिव मंदिर आस्था का बहुत बड़ा प्रमुख केंद्र है। भगवान शिव की आराधना का महीना श्रावण माह के पहली सोमवारी को लेकर शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पंचमुखी शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा अर्चना करने के लिए तड़के सुबह करीब चार बजे से ही शिव भक्तों का रेला लगना शुरू हो गया। आसपास के विभिन्न जगहों के साथ बिहार प्रांत व पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से भारी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धा उत्साह के साथ भगवान शिव को जलाभिषेक कर उन्हें बेलपत्र, भांग, दूध, धतूरा, मदार आदि का भोग लगाये। इस दौरान भक्तो ने हर हर महादेव, ओम नमः शिवाय के जयकारे भी लगाए और शिव भजनो से माहौल पूरे दिन भक्तिमय रहा। वही मंदिर परिसर में शिव भक्तों का आने जाने का सिलसिला सुबह से लेकर शाम तक लगा रहा। वही श्रद्धालुओं ने मेले में घूमकर खूब आनंद लिया, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने व विभिन्न प्रकार की दुकानों पर सामान खरीदने वाली महिलाएं और बच्चियों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा मनोरंजन क्षेत्र में ऊंचे-ऊंचे झूले, मौत का कुआं, ब्रेक डांस, नाव सहित अन्य प्रकार के झूला देखे गए। जो कई अनोखे झूले लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं। जिनमें बैठ कर झूलने का मजा हर कोई लेना चाहता है।
महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई दो पंक्ति:
शिवदर्शन व जलाभिषेक करने के लिए महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की दो पंक्ति बनाई गई। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरा, ड्रोन कैमरा भी लगाया गया। प्रशासन द्वारा एक कंट्रोल रूप बनाया गया, जहां पुलिस प्रशासन की हर एक गतिविधियो पर पैनी नजर रहा। वही शिव भक्तों के सभी वाहनों को मंदिर से एक किलोमीटर पहले रोकने के लिए लमुहा पुलिस पिकेट के समीप बैरिकेडिंग भी किया गया।
*पंचमुखी शिव धाम में हुई महाआरती:*
पूर्वांचल में मिनी बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया में सोमवार की शाम भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस मौके शिवलिंग पर रंग बिरंगे फूलों से श्रृंगार कर सजाया गया था। इस दौरान मुख्य पुजारी ध्यान गिरी, कन्हैया गिरी एसडीएम निचलौल नन्द प्रकाश मौर्य, सीओ अनुज कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा, बरगदवा थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार, एसआई दिव्य प्रकाश मौर्य, प्रणव ओझा, राजनारायण सिंह लेखपाल मनीष पटेल मौजूद रहे।






