
जन एक्सप्रेस पौड़ी (थलीसैंण): हाल ही में प्राकृतिक आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए थलीसैंण ब्लॉक के कई गांवों का शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बांकुड़ा चौथान, सिलोली पुल पैठाणी, नौगांव, पज्याणा, बहेड़ी, भरीख, पाटुली, पैठाणी और कलगड़ी सहित अन्य प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।
प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, साझा किया दुख
मंत्री डॉ. रावत ने आपदा प्रभावित परिवारों से घर-घर जाकर मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और दुख की इस घड़ी में उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
मुआवजा व राहत कार्यों को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित परिवारों को क्षति के अनुसार त्वरित राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को नौगांव-पज्याणा मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के निर्देश दिए गए।
पेयजल, चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश
डॉ. रावत ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की तत्काल व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि कलगड़ी पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए वैली ब्रिज निर्माण सामग्री स्थल पर पहुंच चुकी है और कार्य शीघ्र शुरू होगा।
“समयबद्ध तरीके से होगा पुनर्वास” – डॉ. धन सिंह रावत
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभी बाधित सड़कों को तेजी से खोला जाएगा और पुनर्वास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। राज्य सरकार समयबद्ध ढंग से सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। हम जनता के साथ हैं, हर पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। सरकार का उद्देश्य सिर्फ पुनर्निर्माण नहीं, विश्वास बहाल करना है।” – डॉ. धन सिंह रावत






