दिल्ली में लाल किले के पास बम धमाका, कई लोगों की मौत
आज देर शाम दिल्ली के लाल किले पर एक कार से तेज बम धमाका हुआ जिससे आसपास लोगों के शरीर के परखच्चे उड़ गए

जन एक्सप्रेस/नई दिल्ली: आज दिल्ली में शाम 6:54 पर लाल किले के पास खड़ी एक कार में सोमवार शाम जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिससे आसपास मौजूद कई गाड़ियों में आग लग गई और कई की खिड़कियों के शीशे टूट गए। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं जिन्हें LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मामले की ब्रीफिंग ली है। विस्फोट को लेकर विभिन्न दलों के नेताओं ने दुख जताया है।
दिल्ली ब्लास्ट को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि i20 कार में विस्फोट हुआ है। मामले में हर संभावनाओं की जांच की जा रही है। अमित शाह ने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। लोक नायक अस्पताल पहुंचने पर गृह मंत्री ने दिल्ली पुलिस सीपी सतीश गोलचा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। फिलहाल, इस घटना को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
अमित शाह ने कहा कि ब्लास्ट के कारण कुछ लोग हताहत हुए हैं। कई लोग घायल हुए हैं। घटना के 10 मिनट बाद मौके पर पहुंच गई। एनआई, फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरा की जांच के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली सीपी और स्पेशनल ब्रांच के इंचार्ज से बात हुई है। सभी संभावनाओं को देखते हुए जांच की जा रही है। जो भी नतीजा आएगा उसे जनता के सामने रखेंगे। हम मौके पर जा रहे हैं। अस्पताल भी जाएंगे। i20 गाड़ी में विस्फोट हुआ है।
विस्फोट बेहद दर्दनाक और चिंताजनक: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
यह हरकत पाकिस्तान की: संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने X पर लिखा कि ऐसी घटिया हरकत पाकिस्तान ही कर सकता है। मोदी ने सीजफ़ायर करके पाकिस्तानी दरिंदों का मनोबल बढ़ा दिया। जिन आतंकियों ने हमारे निर्दोष नागरिकों की जान ली है, उनको भी मौत के घाट उतारो। लाल क़िले पर हमला हमारे गौरव के प्रतीक पर हमला है। देश मोदी के हाथों सुरक्षित नहीं। ईश्वर मृतकों की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे।
दिल्ली में लाल किला के पास धमाका के बाद चांदनी चौक मार्केट बंद रहेगा। धमाके की वजह से कल चांदनी चौक मार्केट बंद रखने का फ़ैसला लिया मार्केट एसोसिएशन वालों ने।






