टॉप न्यूज़ट्रेंडिंगनई दिल्लीनई दिल्लीः

दिल्ली पुलिस को मिला नया कमिश्नर: सतीश गोलचा हटे, अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस प्रमुख

जन एक्सप्रेस /नई दिल्ली :- दिल्ली पुलिस में शुक्रवार (17 जुलाई) को बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया। केंद्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस आयुक्त (Commissioner of Police) के पद से हटाकर उनकी जगह 1994 बैच AGMUT कैडर के IPS अधिकारी अनुराग कुमार को नया दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है।

भारत सरकार के अवर सचिव राकेश कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अनुराग कुमार कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस के आयुक्त के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। नियुक्ति से पहले वह इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे।

सतीश गोलचा को एलजी को रिपोर्ट करने के निर्देश

सरकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि नए पुलिस कमिश्नर के कार्यभार संभालने के बाद सतीश गोलचा अपनी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करेंगे।

गौरतलब है कि सतीश गोलचा को 22 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह तिहाड़ जेल के महानिदेशक (DG Prisons) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अनुराग कुमार कौन हैं?

अनुराग कुमार 1994 बैच के AGMUT कैडर के IPS अधिकारी हैं। उन्हें खुफिया और सुरक्षा मामलों का लंबा अनुभव है। वह हाल तक इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें देश की राजधानी की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अचानक क्यों हुआ बदलाव?

दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब सतीश गोलचा का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ था। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से अभी तक उनके स्थानांतरण या पद से हटाए जाने के पीछे किसी आधिकारिक कारण की जानकारी नहीं दी गई है।

इस फैसले के पीछे की वास्तविक वजह आने वाले दिनों में स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल इसे केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button