उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जमीन विवाद में दबंगों का हमला, महिलाओं-बच्चों समेत 9 घायल; वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हिंसक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

घटना सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम दड़आरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों का एक समूह पीड़ित परिवार के घर में घुस आया और महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को निशाना बनाते हुए जमकर मारपीट की।

इस हमले में महिला, पुरुष और बच्चों सहित कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची और न ही अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है। पीड़ितों का कहना है कि हमलावर खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।

इस मामले में सिंगरामऊ पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही और समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग लाठी-डंडों से लोगों को पीट रहे हैं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button