चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप
धनुष चौराहे पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई से मचा विवाद

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (कर्वी): धनुष चौराहे पर चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज़ हो गई है।यह चेकिंग अभियान क्षेत्राधिकारी कर्वी अरविंद कुमार वर्मा के नेतृत्व में चलाया जा रहा था। इसी दौरान की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिनमें पुलिसकर्मियों पर चालकों के साथ सख्ती से पेश आने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
चालकों को अपराधियों की तरह पकड़ने का आरोप
वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ वाहन चालकों को अपराधियों की तरह पकड़कर कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि नियम उल्लंघन के मामलों में भी पुलिस ने आवश्यकता से अधिक बल प्रयोग किया।घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों में भय का माहौल देखा गया। लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिस और जनता के बीच विश्वास कमजोर होता है। कई नागरिकों ने इस व्यवहार को अनुचित बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या यातायात नियमों के उल्लंघन पर मारपीट जायज़ है।फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।






