मायावती ने फिल्मी वेब सीरीज में ‘पंडत’ के अपमान पर जताई कड़ी आपत्ति, केंद्र सरकार से प्रतिबंध की मांग

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने फिल्मों और वेब सीरीज में ब्राह्मण समाज को लेकर कथित अपमानजनक चित्रण पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि अब केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि फिल्मी दुनिया में भी ‘पंडत’ शब्द को घूसखोरी जैसे नकारात्मक कृत्यों से जोड़कर पूरे देश में ब्राह्मण समाज का अपमान किया जा रहा है।मायावती ने अपने आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल पर लिखा कि इस तरह के जाति-सूचक कंटेंट से समूचे ब्राह्मण समाज में भारी रोष और पीड़ा है। उन्होंने कहा कि बीएसपी ऐसे कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करती है।
बीएसपी प्रमुख ने केंद्र सरकार से मांग की कि जाति विशेष को बदनाम करने वाली फिल्मी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। उनका कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी समाज की छवि को ठेस पहुँचाना स्वीकार्य नहीं है।
मायावती ने इस मामले में लखनऊ पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने को भी सही कदम बताया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को बचाने के लिए प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
बीएसपी का मानना है कि इस तरह के कंटेंट पर समय रहते रोक नहीं लगी तो समाज में वैमनस्य और तनाव बढ़ सकता है।






