उत्तराखंडचमोली

होली पर धधके पहाड़ के जंगल: चमोली से बागेश्वर तक विकराल हुई आग

आबादी की ओर बढ़ती लपटों से दहशत

जन एक्सप्रेस/चमोली।होली के दिन जहां एक ओर रंगों का उत्सव मनाया जा रहा था, वहीं चमोली और बागेश्वर जनपद के कई क्षेत्रों में जंगल आग की लपटों से घिर गए। दो दिनों से लगातार सुलग रहे जंगलों ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। कई स्थानों पर आग आबादी की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है, जिससे ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है।
चमोली में कई पट्टियों के जंगल धधके
बुधवार को नारायणबगड़ ब्लॉक के जाख-कड़ाकोट, बेड़गांव, मानूर, तलासेरा और टेंटुड़ा के जंगल दिनभर जलते रहे। उत्तरी कड़ाकोट पट्टी के सुनभी और भटियाणा क्षेत्रों से भी आग लगने की खबरें सामने आईं।कपीरी पट्टी की ग्राम पंचायत कंडारा और आसपास के जंगलों में लगी आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। पूर्व प्रधान कुसुम कंडारी और पदमेंद्र कंडारी ने बताया कि पिछले दो दिनों से जंगल लगातार जल रहे हैं और स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।आदिबदरी के समीप के जंगल दूसरे दिन भी सुलगते रहे। बरतोली गांव के जंगल में आग लगने पर स्थानीय महिलाएं स्वयं मोर्चा संभालकर आग बुझाने में जुट गईं।
बदरीनाथ वन प्रभाग क्षेत्र में भी हालात चिंताजनक
आदिबदरी क्षेत्र के अंतर्गत बदरीनाथ वन प्रभाग के रंडोली और भलसों के जंगल भी मंगलवार को दूसरे दिन तक धधकते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि वनाग्नि सुरक्षा को लेकर बैठकों और अभियानों के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।वनों में लगी आग के कारण ग्रामीणों को मवेशियों के लिए चारापत्ती लाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामवासियों ने शासन-प्रशासन से वनाग्नि पर शीघ्र नियंत्रण पाने और ग्राम प्रहरियों व वन सरपंचों को सक्रिय करने की मांग की है।
बागेश्वर में भी धधक रहे जंगल
बागेश्वर जिले के कुलसारी, देवसारी और सरकोट के जंगलों में भी आग फैलने की खबर है। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं, जिससे वन संपदा को नुकसान के साथ ही पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
धुएं से बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें
सामाजिक कार्यकर्ता विजयेश नवानी ने बताया कि बीते दो दिनों से जंगलों में लगी आग और घने धुएं के कारण सांस के मरीजों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए वन विभाग को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
विभाग ने भेजी टीमें
वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश भट्ट ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों को कंडारा क्षेत्र में लगी आग पर काबू पाने के लिए तत्काल भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई जा रही है और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button