भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता टी20 विश्व कप, देशभर में जश्न का माहौल

जन एक्सप्रेस/ नई दिल्ली/अहमदाबाद।अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की और एक बार फिर क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर दी।फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम को मजबूत आधार दिया। भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए निर्धारित 20 ओवर में 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें चौकों और छक्कों की जमकर बरसात हुई।लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत ठीक रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। अक्षर पटेल ने शुरुआती झटके देकर न्यूजीलैंड को दबाव में ला दिया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने संघर्ष किया, लेकिन 20 ओवर में लक्ष्य हासिल नहीं कर सके और भारत ने मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
इससे पहले भारत वर्ष 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीत चुका है। इस बार कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार यह उपलब्धि हासिल की।
भारत ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद एक लाख से अधिक दर्शकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ टीम का उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों ने ट्रॉफी उठाकर पूरे देश को गर्व का एहसास कराया।कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत के बाद कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत और देशवासियों के समर्थन का परिणाम है। भारतीय टीम की इस शानदार जीत पर देशभर से खिलाड़ियों, फिल्मी हस्तियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी और खुशी जाहिर की।






