IPLLucknowsportsखेलटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगब्रेकिंग न्यूज़

हिमाचल की सीमा कुमारी ने रचा इतिहास, एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता कांस्य

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की बेटी और देश की उभरती धाविका सीमा कुमारी ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया है। सीमा ने 32 मिनट 50.05 सेकेंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि के साथ सीमा ने न केवल भारत का नाम रोशन किया, बल्कि इस स्पर्धा में देश के लंबे पदक इंतजार को भी खत्म किया। बताया जा रहा है कि भारत को महिलाओं की 10 हजार मीटर स्पर्धा में 16 साल बाद पदक मिला है।

चंबा के रेटा गांव की रहने वाली हैं सीमा

सीमा कुमारी चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र के रेटा गांव की रहने वाली हैं। उनका सफर संघर्ष, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल है। आर्थिक चुनौतियों के बीच सीमा ने पहाड़ी रास्तों पर दौड़ लगाकर अभ्यास किया और अपने खेल के सपने को जिंदा रखा।

पिता के निधन के बाद उनकी मां केसरी देवी ने मजदूरी और पशुपालन के जरिए परिवार को संभाला। बेटी के बेहतर भविष्य और प्रशिक्षण के लिए परिवार ने भी कई मुश्किलों का सामना किया। बेहतर प्रशिक्षण की जरूरत पूरी करने के लिए उनकी मां ने वर्षों पहले अपनी एफडी तक तुड़वा दी थी।आज सीमा की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि उसी संघर्ष का परिणाम मानी जा रही है।

पहले भी देश का नाम कर चुकी हैं रोशन

सीमा कुमारी इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में उन्होंने 5 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर खास उपलब्धि हासिल की थी।

वहीं इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में सीमा ने 5 हजार और 10 हजार मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे।

सीमा की जीत पर गांव में जश्न

जापान में सीमा दौड़ रही थीं तो उनके परिजन और गांव के लोग घर पर टीवी के सामने बैठकर उनकी हौसला-अफजाई कर रहे थे। जैसे ही सीमा ने कांस्य पदक पक्का किया, रेटा गांव में खुशी का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। सीमा की इस उपलब्धि को चुराह ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button