उत्तरकाशी में होटल-होमस्टे पंजीकरण के लिए विशेष शिविर , लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: जिलाधिकारी उत्तरकाशी के निर्देशों के अनुपालन में गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) परिसर में होटल एवं होमस्टे से जुड़े लंबित प्रकरणों और पंजीकरण मामलों के निस्तारण हेतु एक विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस शिविर में पर्यटन, खाद्य सुरक्षा, अग्निशमन, विद्युत, एलआईयू एवं जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। पर्यटन विभाग की ओर से जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी और सहायक पर्यटन अधिकारी सीमा शर्मा मौजूद रहे।
शिविर के दौरान होटल एवं होमस्टे संचालकों ने विद्युत एवं जल कनेक्शन, फायर NOC, खाद्य सुरक्षा प्रमाण पत्र, पर्यटन विभाग में पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों द्वारा इन मामलों का त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान किया गया।
पंजीकरण के आंकड़े
पर्यटन विभाग के अनुसार:
-
इस वर्ष अब तक 112 होमस्टे और 44 होटल पंजीकृत किए गए
-
कुल मिलाकर अब तक 457 होमस्टे और 446 होटल पंजीकृत हो चुके हैं
बिना पंजीकरण पर कार्रवाई
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि होटल पंजीकरण अनिवार्य है। बिना पंजीकरण होटल संचालित करने पर ₹10,000 का चालान और उसके बाद ₹1,000 प्रतिदिन की दर से जुर्माना लगाया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
उन्होंने कहा कि अधिकतम होटल और होमस्टे को पंजीकृत करने का उद्देश्य गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की केयरिंग कैपेसिटी का सही आकलन करना है, जिससे पर्यटन को बेहतर तरीके से विकसित किया जा सके।
अगला शिविर
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अगला विशेष शिविर 24 मार्च को बड़कोट में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा कार्यालय स्तर पर भी सभी हितधारकों को सहायता प्रदान की जाएगी।
शिविर में फायर, फूड सेफ्टी और यूपीसीएल विभाग के अधिकारियों ने होटल संचालकों को विभागीय नियमों की विस्तृत जानकारी भी दी।






