रानीपुर टाइगर रिजर्व के लालापुर बगरेही वन ब्लॉक में EDC का गठन, अर्चना देवी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं
ग्रामीणों की सर्वसम्मति से बनी पारिस्थितिक विकास समिति, पर्यावरण संरक्षण व स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: रानीपुर टाइगर रिजर्व के अंतर्गत लालापुर बगरेही वन ब्लॉक में पारिस्थितिक विकास समिति (ईको-डेवलपमेंट कमेटी-EDC) के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। स्थानीय ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन करते हुए समिति का गठन किया, जिससे क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चुनाव के बाद कार्यकारिणी समिति के लिए श्रीमती अर्चना देवी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं बृजेश कुमार, विजय कुमार यादव, विनीता देवी और सरोज देवी को सदस्य के रूप में चयनित किया गया। प्रशासनिक समन्वय एवं वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वन दरोगा रामौतार को समिति का सदस्य सचिव एवं कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
यह चुनाव पूर्व माध्यमिक विद्यालय लालापुर में आयोजित किया गया, जिसकी निगरानी उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) कर्वी राजीव रंजन सिंह एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी (RFO) अपूर्व श्रीवास्तव ने की। निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में वन दरोगा करिश्मा, वन रक्षक शिवम और वन कर्मी रामनरेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्वाचित समिति का शीघ्र ही औपचारिक पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद समिति क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय ग्रामीणों के लिए आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू करेगी। इससे वनों पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीणों को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।






