
जन एक्सप्रेस/हरिद्वार: अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह-2026 का द्वितीय चरण राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस बड़े आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने शांतिकुंज प्रतिनिधियों के साथ जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम एवं इंदिरा गाँधी इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थल का चयन एवं व्यवस्थाओं का आकलन करना था।
दलनायक डॉ पण्ड्या ने बताया कि इस भव्य आयोजन में प्रशासन, आईटी, मीडिया और सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित स्वयंसेवक जिम्मेदारी संभालेंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग प्रभागों का गठन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जन्मशताब्दी समारोह का प्रथम चरण जनवरी 2026 में हरिद्वार में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ था। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लिया।साथ ही कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केन्द्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखण्ड के मान. राज्यपाल गुरमीत सिंह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आदि शामिल थे।
समारोह के प्रथम चरण के दौरान पर्यावरण संरक्षण, कुरीति उन्मूलन, नारी सशक्तिकरण एवं आदिवासी उत्थान जैसे सामाजिक अभियानों को देशभर में विस्तार देने का संकल्प लिया गया। दिल्ली में होने वाला यह द्वितीय चरण भी व्यापक जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







