चारधाम यात्रा से पहले सड़कों के सुधारीकरण के निर्देश,डामटा बैरियर हटेगा।
चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा,ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण भी होगा, कैबिनेट मंत्री।

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी : आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कैबिनेट एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उत्तरकाशी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मंदिर समितियों, होटल एसोसिएशन और टैक्सी यूनियनों के सुझावों पर त्वरित निर्णय लेते हुए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
सड़कों और परिवहन पर बड़ा फैसला: गंगोत्री नेशनल हाईवे पर आपदा से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों (चढ़ेथी, लिमच्यागाड़ और गंगनानी) की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने बीआरओ (BRO) को सख्त निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले पूरे मार्ग को गड्ढामुक्त और सुचारु किया जाए। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की शिकायतों को देखते हुए डामटा बैरियर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
पंजीकरण और सुविधाएं: होटल एसोसिएशन की मांग पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ समझौता किए बिना ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी दी जाएगी। यात्रा मार्ग पर शौचालयों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए तैनात कर्मियों का तीन दिन के भीतर सत्यापन कर सूची जिला प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता के लिए भी स्पेशल पैकेज की व्यवस्था पर चर्चा हुई।
पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा: बैठक से पूर्व, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मत्स्यपालकों को आइस बॉक्स वितरित किए। उन्होंने कहा कि ट्राउट मछली की कोल्ड चेन बनाए रखने से स्थानीय पालकों की आय बढ़ेगी और वे आईटीबीपी (ITBP) व उत्तरकाशी के स्थानीय बाजारों में ताजी मछली की आपूर्ति कर सकेंगे।






