utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

नई टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, घर-घर पहुंच रहे बीएलओ

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने के महा-अभियान का शुभारंभ हो गया है। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जनपद के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने तथा बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और अपात्र प्रविष्टियों को हटाना आवश्यक है।

सीडीओ ने बताया कि अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए जनपद स्तर पर बीएलओ, आईटी विशेषज्ञों और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है। सोमवार से बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित कर रहे हैं और भरे हुए फार्म वापस एकत्रित भी कर रहे हैं।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि बीएलओ के घर पहुंचने पर गणना फार्म प्राप्त करें और उसमें मांगी गई सभी जानकारियों को सही-सही भरकर वापस जमा करें। इससे मतदाता सूची को त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।

प्रवासी और कामकाजी मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा

सीडीओ ने बताया कि जो मतदाता नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, उनके लिए निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” नामक डिजिटल सुविधा शुरू की है। मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ से ऑनलाइन संपर्क का समय निर्धारित कर सकते हैं।

कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेंगे। यदि किसी मतदाता से घर पर मुलाकात नहीं हो पाती है तो बीएलओ तीन बार घर का दौरा करेंगे। तीसरी बार भी संपर्क न होने की स्थिति में घर के बाहर एक विशेष स्टीकर लगाया जाएगा, जिसमें अगले दौरे की तिथि, समय और बीएलओ का मोबाइल नंबर अंकित रहेगा।

नए मतदाताओं के लिए सुनहरा अवसर

सीडीओ ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और नए मतदाताओं को जागरूक किया जाए। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकते हैं और उसे जमा कराकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

सीडीओ ने नगर पालिका, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, शहरी विकास विभाग और सूचना विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सामूहिक प्रयास है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button