
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश उपाध्याय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानसू में नोडल, जोनल और सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्य किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार जिले में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 17 केंद्र उत्तरकाशी मुख्यालय और 4 केंद्र बड़कोट क्षेत्र में स्थित हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए पूरे जिले को 2 सुपर जोन, 5 जोन और 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल के साथ अभिसूचना इकाइयों की भी तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जाएगी तथा प्रवेश-पत्र, पहचान पत्र और पेन के अतिरिक्त किसी भी वस्तु को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकृत व्यक्तियों के अलावा अन्य किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
मौसम विभाग की ओर से जारी वर्षा संबंधी अलर्ट को देखते हुए यातायात पुलिस को मार्गों को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं होटल, ढाबों और धर्मशालाओं पर एसओजी एवं अभिसूचना इकाइयों की विशेष नजर रहेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के उपरांत एसपी कमलेश उपाध्याय ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जैमर, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश द्वार, कंट्रोल रूम और सीटिंग प्लान सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, मनोज असवाल, दीपक नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि डीएसपी बड़कोट चंचल शर्मा वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
उत्तरकाशी पुलिस ने कहा है कि आयोग और जिला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।





