रुद्रप्रयाग में जनकल्याणकारी शिविर व स्वनिधि महोत्सव, 19 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग रुद्रप्रयाग नगर पालिका सभागार में आज जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका रुद्रप्रयाग के अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान ने की। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा।
शिविर के दौरान नगर क्षेत्र से आए लोगों द्वारा कुल 19 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इससे लोगों को त्वरित राहत मिली और प्रशासन की सक्रियता भी देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले फड़-फेरी व्यवसायियों और नगर पालिका कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना और बेहतर कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन करना रहा।
इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में उपस्थित लोगों और नगर पालिका कर्मचारियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं, लाभार्थी सेवाओं और जनहित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका परियोजना प्रबंधन हिमांशु बहुगुणा सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।






