
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, हवन एवं वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक, मां शक्ति की आराधना और हवन-पूजन किया। इस दौरान उत्तराखंड में सरकार के सबसे लंबे कार्यकाल को सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना से जोड़ते हुए प्रदेश के विकास की कामना की गई।
धामी सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और नकल विरोधी कानून बनाने को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने प्रशासनिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में कई नए मानक स्थापित किए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर इतिहास रचा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत विभिन्न जनकल्याणकारी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि युवाओं के हित में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिससे पारदर्शी तरीके से हजारों नियुक्तियां संभव हुईं।
मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया है तथा 2.5 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाकर आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी भूमि से 12 हजार एकड़ से अधिक अतिक्रमण हटाया गया है तथा एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का औद्योगिक निवेश धरातल पर उतर चुका है। साथ ही ऑल वेदर रोड परियोजना, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम पुनर्निर्माण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता जयवीर सिंह चौहान, महामंत्री परशुराम जगूड़ी, महावीर नेगी, विजय संतरी, राजेंद्र गंगाड़ी, मनुजेंद्र सिंह रावत, राजेश राणा, रजनीश चौहान, राजीव बहुगुणा, प्रताप सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






