हरदोई: आम के पेड़ से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र के मुगलापुर मजरा नस्यौली गांव में शुक्रवार देर शाम 19 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
शाम को घर से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बाबूराम का 19 वर्षीय पुत्र विमलेश शुक्रवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने परिषदीय विद्यालय के पास सत्यपाल के खेत में लगे आम के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका देखा।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद लोनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
लोनार कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
परिवार में पसरा मातम
परिजनों के अनुसार, विमलेश रोज़गार की तलाश में पहले दिल्ली और हरियाणा में काम करता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से अपने गांव में रह रहा था। वह पिता बाबूराम के तीन बेटों और एक बेटी में दूसरे नंबर का था।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां लीलावती सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।






