
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- हरेला पर्व के अवसर पर जिला मुख्यालय नई टिहरी में टिहरी डैम वन प्रभाग (प्रथम) के तत्वावधान में भोनाबागी टीसीआर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
DM नितिका खण्डेलवाल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरेला पर्व पर जनपदभर में चल रहे वृक्षारोपण अभियान के सकारात्मक परिणाम आने वाले वर्षों में देखने को मिलेंगे।
उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि “हर गाँव का यही पैगाम – एक पेड़ माँ के नाम” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं और प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का भी संकल्प ले।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाए विभिन्न प्रजातियों के पौधे
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अतिथियों ने अलग-अलग प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
- जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल – देवदार
- अपर प्रमुख वन संरक्षक नरेश कुमार – अंगा
- दर्जाधारी राज्य मंत्री एवं ओबीसी उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान – चसनेट
- जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल – बांज
- भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत – बुरांश
- नगर पालिका चम्बा अध्यक्ष शोभनी धनोला, मोहन सिंह रावत एवं ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण – बांज
बड़ी संख्या में लोगों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल, सुशील बहुगुणा, डीएफओ पुनीत तोमर, डीएफओ संदीपा शर्मा, अधीक्षण अभियंता के.एस. रावत, आईटीबीपी के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
हरेला पर्व के इस आयोजन के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा | जन एक्सप्रेस, नई टिहरी






