utrakhand

उत्तरकाशी: महर्षि विद्या मंदिर ज्ञानसू में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने पेश किए नवाचार से जुड़े आकर्षक मॉडल

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महर्षि विद्या मंदिर, ज्ञानसू, उत्तरकाशी में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े कई आकर्षक और उपयोगी मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, रोबोटिक्स, मानव शरीर की संरचना, कृषि तकनीक और वैज्ञानिक नवाचारों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वास के साथ समझाते हुए वैज्ञानिक सिद्धांतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

प्रधानाचार्य ने की छात्रों की सराहना

विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक रावत एवं शिक्षकगण ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मौलिक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रस्तुतीकरण कौशल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

प्रधानाचार्य विवेक रावत ने कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

गतिविधि आधारित शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण

विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह विज्ञान प्रदर्शनी गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि-आधारित शिक्षा प्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण रही। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए विज्ञान के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विज्ञान विभाग के शिक्षकों विपिन पयाल, नन्द किशोर बहुगुणा, आशुतोष पंवार, कमलेश राणा, पूजा नेगी, उमा रावत और मोहित चौहान सहित अन्य शिक्षकों के सहयोग से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button