
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। उडियारी गांव में एक परिवार का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बेरीनाग तहसील मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित उडियारी गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे हीरा सिंह महरा के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई।
घटना के समय घर में मौजूद उनकी वृद्ध मां और बच्चे किसी काम से बाहर थे, जिसके चलते सभी सुरक्षित बच गए। हालांकि छत गिरने से घर के अंदर रखा राशन, खाने-पीने का सामान और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने के बाद तहसील प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बताया जा रहा है कि हीरा सिंह महरा मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ग्राम प्रधान हेमा देवी ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।






