भाजपा उत्तराखंड: चिकित्सा प्रकोष्ठ का विस्तार, डॉ. चण्डी प्रसाद भट्ट ने नए जिला प्रभारियों की घोषणा

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ का विस्तार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश तथा प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी की सहमति के बाद प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. चण्डी प्रसाद भट्ट ने विभिन्न संगठनात्मक जिलों के लिए नए जिला प्रभारियों की घोषणा की।
डॉ. चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि ये नियुक्तियां प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक के निर्देशानुसार की गई हैं। उनका उद्देश्य चिकित्सा प्रकोष्ठ को गांव-गांव तक सक्रिय करना है, ताकि स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, नशा मुक्ति अभियान और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि पार्टी और समाज को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर चार सह-संयोजकों को भी विभिन्न संगठनात्मक जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रदेश संयोजक के पास उत्तरकाशी सहित तीन जिलों का दायित्व रहेगा।
इन जिलों में किए गए नए प्रभारी नियुक्त
- जितेन्द्र गैरोला – जिला प्रभारी, अल्मोड़ा
- बलबीर सिंह – जिला प्रभारी, चम्पावत
- डॉ. सुदेश चौहान – जिला प्रभारी, रुद्रप्रयाग
- डॉ. संदीप गौड़ – जिला प्रभारी, काशीपुर एवं हरिद्वार
डॉ. भट्ट ने कहा कि इन नियुक्तियों के बाद प्रत्येक संगठनात्मक जिले में एक जिम्मेदार प्रभारी स्थानीय स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का समन्वय करेगा। इससे चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को जिला स्तर पर बेहतर नेतृत्व और मार्गदर्शन मिलेगा तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।






