
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रकाशन के लिए 21 से 24 जुलाई तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्यों के प्रभावी, समयबद्ध और त्रुटिरहित निष्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रक्रियागत जानकारी उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा नामित मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह एवं नीरज कुमार ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के संकलन एवं प्रकाशन से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रक्रियागत विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के प्रथम चरण में तहसील टिहरी, प्रतापनगर और जाखणीधार के चार्ज अधिकारियों, क्षेत्रीय अधिकारियों तथा राजस्व उपनिरीक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के अद्यतन अभिलेखीकरण, संबंधित प्रपत्रों के शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संकलन, आंकड़ों के सत्यापन तथा जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला जनगणना हस्त पुस्तिका से संबंधित कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना है।
चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जनपद के सभी संबंधित चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रकाशन का कार्य निर्धारित समय सीमा में प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी केशब गैरोला सहित जिला कार्यालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।






