मुंबई

मुंबई में ‘यमराज’ बनकर रेलवे पुलिस ने चलाया Zero Death Mission

जन एक्सप्रेस /मुंबई :- मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों से हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं। लेकिन जल्दबाजी और लापरवाही के कारण रेलवे ट्रैक पार करने या चलती ट्रेन में चढ़ने जैसी घटनाएं कई बार गंभीर हादसों का कारण बन जाती हैं। इन्हीं दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया।

रेलवे पुलिस ने ‘जीवन रक्षा अभियान (Zero Death Mission)’ के तहत ‘यमराज’ का रूप धारण कर यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने के खतरों के प्रति जागरूक किया। यह अभियान बुधवार (22 जुलाई) सुबह 9:30 बजे से 11:00 बजे के बीच अंधेरी रेलवे स्टेशन के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर जाने वाले प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर चलाया गया।

‘फुटओवर ब्रिज का करें इस्तेमाल’

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि रेलवे ट्रैक पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हमेशा फुटओवर ब्रिज (FOB) का ही इस्तेमाल करें और किसी भी परिस्थिति में ट्रैक पार करने की कोशिश न करें।

रेलवे पुलिस ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ट्रैक पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों में सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान में बड़ी संख्या में यात्रियों ने हिस्सा लिया और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

पोस्टर, घोषणाओं और प्रदर्शन से किया जागरूक

अंधेरी रेलवे स्टेशन परिसर में पुलिस ने पोस्टर, सार्वजनिक घोषणाओं और प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि “कुछ सेकंड बचाने की कोशिश पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।”

रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि वे जल्दबाजी में अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को खतरे में न डालें तथा रेलवे के सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें।

आपातकाल में इस हेल्पलाइन पर करें संपर्क

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) हेल्पलाइन नंबर 1512 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित यात्रा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और थोड़ी सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button