
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: सुमन दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं टिहरी रियासत के जननायक अमर शहीद श्री देव सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। हनुमान चौक, कलेक्ट्रेट परिसर और शहीद स्मारक सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।
प्रातःकाल कीर्ति इंटर कॉलेज से हनुमान चौक होते हुए विश्वनाथ चौक तक छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। हनुमान चौक में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने श्री देव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, श्रीदेव सुमन साहित्य कला स्मृति मंच के अध्यक्ष नागेंद्र दत्त थपलियाल, सचिव शैलेन्द्र नौटियाल, प्रताप सिंह बिष्ट, पंडित रविंद्र नौटियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर श्री देव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि श्री देव सुमन का संघर्षपूर्ण जीवन प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों से सीख लेकर समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुमन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शहीद स्मारक पहुंचकर शोभाकार पौधों का रोपण भी किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सीएचओ रजनीश सिंह, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मातुडा, पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल, नागेंद्र थपलियाल, प्रेम सिंह पवार, डॉ. प्रेम पोखरियाल, प्रताप बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिलेभर के विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुमन दिवस के उपलक्ष्य में निबंध, चित्रकला, भाषण और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम तथा टिहरी जनक्रांति में श्री देव सुमन के योगदान और बलिदान से परिचित कराना रहा। जिला मुख्यालय के साथ-साथ विकास भवन, तहसीलों और ब्लॉक स्तर पर भी विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।






