
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 80 शिकायतों एवं मांगपत्रों पर सुनवाई की गई। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुक्त को सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक शिकायतकर्ता से दूरभाष पर बात कर शिकायत की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली।
विश्वविद्यालय को हेल्पलाइन जारी करने के निर्देश
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबंधित अधिक शिकायतें मिलने पर आयुक्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन को एक सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए।
मुआवजा और सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख
आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जनता मिलन में कई लोग पहले की शिकायतों पर कार्रवाई न होने के कारण दोबारा पहुंचे। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग, बीआरओ, प्रतिकर (मुआवजा) और सड़क निर्माण से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिन मामलों में जांच आवश्यक है, उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को सूचित करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई
जनता मिलन में पुनर्वास, आपदा राहत, मुआवजा वितरण, क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, पेयजल, विद्युत, संचार, राशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विवाह अनुदान और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं।
आयुक्त ने मानसून के दौरान सड़क संबंधी समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने और आगामी बैठकों में उनकी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने रखीं मांगें
जिला पंचायत सदस्य विजयपाल सिंह रावत ने जाखणीधार क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने, सड़क निर्माण, मुआवजा, शौचालय निर्माण और खेल मैदान के विस्तार की मांग उठाई। वहीं प्रतापनगर निवासी अमित सिंह ने चोरी गए आभूषण बरामद कराने का मामला उठाया, जिस पर आयुक्त ने इसे आईजी गढ़वाल के संज्ञान में लाने की बात कही।
इसके अलावा घनसाली, धनोल्टी, थान-चंबा और अन्य क्षेत्रों से आए लोगों ने विद्युत, कृषि ऋण, श्रम विभाग की योजनाओं, विवाह अनुदान और अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। आयुक्त ने संबंधित विभागों को सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी अधिकारियों को आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- जोत सिंह






