
जोत सिंह बगियाल संवाददाता
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: टिहरी गढ़वाल में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है। सांसद ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना जनभावनाओं, भौगोलिक परिस्थितियों और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाने का आग्रह किया है।
सांसद ने जिला मुख्यालय के निकट इड़ियाना (भागीरथीपुरम क्षेत्र) में प्रस्तावित स्थल को मेडिकल कॉलेज के लिए उपयुक्त और जनहितकारी बताते हुए इसी स्थान को प्राथमिकता देने की मांग की है।
इड़ियाना को बताया सबसे उपयुक्त स्थल
माला राज्य लक्ष्मी शाह ने पत्र में कहा कि टिहरी गढ़वाल मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा पूर्व में प्रदेश के दो मुख्यमंत्रियों द्वारा की जा चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और पर्वतीय क्षेत्र के भविष्य के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
सांसद के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व भारत सरकार के तत्कालीन ऊर्जा मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भागीरथीपुरम के निकट इड़ियाना में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया था तथा कार्यदायी संस्था का चयन भी किया जा चुका था। ऐसे में पूर्व में किए गए तकनीकी परीक्षणों और प्रशासनिक प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए उसी स्थल पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
छह विधानसभा क्षेत्रों और दो जिलों को मिलेगा लाभ
सांसद ने कहा कि इड़ियाना का चयनित स्थल भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह टिहरी जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के दो जनपदों के लोगों के लिए भी सुगम एवं सुलभ है।
इसके अलावा यह क्षेत्र चारधाम यात्रा मार्ग के महत्वपूर्ण केंद्र बिंदुओं में शामिल है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी आकस्मिक परिस्थितियों में बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
NMC मानकों के अनुरूप हो स्थान का चयन
माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के स्थान का निर्धारण केवल प्रशासनिक सुविधा के आधार पर नहीं होना चाहिए। इसमें जनहित, भौगोलिक परिस्थितियां, पहुंच की सुगमता, भविष्य की आवश्यकताएं और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों को ध्यान में रखना जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूर्व में चयनित एवं उपयुक्त पाए गए इड़ियाना (भागीरथीपुरम) स्थल पर सभी निर्धारित मानकों और जनभावनाओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज की स्थापना सुनिश्चित की जाए।
सांसद ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए व्यापक जनहित में दूरदर्शी निर्णय लेगी। मेडिकल कॉलेज बनने से टिहरी गढ़वाल सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र को बेहतर चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अवसंरचना का स्थायी लाभ मिल सकेगा।






