
जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का सत्याग्रह और जनजागरण अभियान लगातार जारी है। शनिवार को भी सुमन पार्क में समिति के बैनर तले धरना आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता जीतराम भट्ट धरने पर बैठे। समिति ने कहा है कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर जनजागरण अभियान 15 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा।
जामा मस्जिद में हुई जनजागरण मीटिंग
अभियान के तहत टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष समिति की ओर से बौराड़ी स्थित जामा मस्जिद में जनजागरण मीटिंग का आयोजन भी किया गया। बैठक में विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल समेत कमल सिंह महर, इरशाद, कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ अली, एजाज अली, सलमान बेग, दानिश बेग और अब्दुल्ला खान सहित अन्य लोगों ने मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग का समर्थन किया। बैठक में सभी ने मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय नई टिहरी में ही बनाए जाने की मांग पर पूर्ण सहयोग देने की सहमति जताई।
15 अगस्त तक फैसला नहीं तो आंदोलन तेज
संघर्ष समिति का कहना है कि यदि 15 अगस्त तक मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट निर्णय नहीं आता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति लंबे समय से जिला मुख्यालय नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने की मांग उठा रही है।
सुमन पार्क में आयोजित सत्याग्रह कार्यक्रम को विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया। इनमें नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, महामंत्री मनोज चमोली, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, डॉ. यूएस नेगी, शिवराज पंवार, मायाराम डोभाल, टीकम सिंह चौहान, राकेश राणा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सीमा कृषाली और विक्रम सिंह कठैत समेत कई लोग शामिल रहे।
समिति का कहना है कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।






