utrakhandउत्तरकाशीटिहरीनई टिहरी

सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने किया स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :-  जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी टिहरी डा. राम प्रकाश ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी बलेश्वर, सीएचसी पिलखी, पीएचसी नंदगांव का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

सीएचसी बलेश्वर के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बीपीएचयू लैब, अस्पताल परिसर, आवासीय भवन, ओपीडी और इमरजेंसी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, भवन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के साथ ही व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएचसी पिलखी में चल रहे निर्माण कार्यों का भी सीएमओ ने स्थलीय निरीक्षण किया।

कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता मनोज व अभिषेक तोमर और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ऊषा भट्ट के साथ निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, पीएचसी नंदगांव के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संस्थान में प्रसव सेवाओं और ओपीडी में वृद्धि के लिए आवश्यक प्रयास करने और अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button