
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :- बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बन्नाखेड़ा चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पवन शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता, गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। नेताओं ने कहा कि घरेलू जरूरत की वस्तुओं से लेकर ईंधन तक के दाम बढ़ने से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार महंगाई को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि डीके जोशी, जिला पंचायत पति जसपाल सिंह बिल्लू, ओमप्रकाश राठौर, सुखवंत सिंह, जसवंत सिंह, अमर सिंह, सूरज राठौर, बृजेश यादव, कुलदीप सिंह और मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






