
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कालेज के निर्माण की मांग को लेकर बौराड़ी स्थित गणेश चौक पर चल रहा धरना बुधवार को 18वें दिन भी जारी रहा। मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने एक सितंबर से क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया है। धरना स्थल पर सत्याग्रही जीतराम भट्ट लगातार डटे हुए हैं।मेडिकल कालेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डा. आरबी गोदियाल के नेतृत्व में शुरू किए गए क्रमिक अनशन के दूसरे दिन सेवानिवृत्त सैनिकों ने आंदोलन को समर्थन दिया। कैप्टन रमेश रतूड़ी, कैप्टन दीवान सिंह, विजय सिंह, राकेश सिंह, सुंदर सिंह, जयेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, सुनील पंवार, नरेंद्र पंवार, गब्बर सिंह, कृष्णचंद्र, शूरवीर सिंह, राजवीर सिंह, पदम सिंह, विक्रम सिंह, खुशीराम, विजयपाल सिंह सहित कई सेवानिवृत्त सैनिक क्रमिक अनशन पर बैठे। सेवानिवृत्त सैनिकों ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कालेज का निर्माण जनहित में बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि मेडिकल कालेज निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए जल्द शिलान्यास की कार्रवाई की जाए। धरना स्थल पर कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि सरकार ने यदि मेडिकल कालेज की मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। आंदोलन को नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, महामंत्री मनोज चमोली, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, डा. यूएस नेगी, शिवराज पंवार, लखवीर चौहान, कुलदीप पंवार, राहुल बुटोला, सीपी डबराल और गंगा भगत सिंह नेगी सहित कई लोगों ने समर्थन दिया।






