
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के आह्वान पर 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने काला दिवस मनाया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा एवं प्रदेश महामंत्री जगवीर सिंह खरोला ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन लंबे समय से शिक्षकों की विभिन्न जायज मांगें एवं समस्याएं लंबित हैं। शासन-प्रशासन द्वारा समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण शिक्षकों में रोष व्याप्त है।
पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के सम्मान का दिन है, लेकिन प्रदेश के शिक्षक अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर काला दिवस मनाने के लिए मजबूर हैं। यह सरकार के प्रति शिक्षकों का शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक विरोध है।
उन्होंने सरकार से शिक्षकों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने तथा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने कहा कि शिक्षक अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट हैं तथा प्रदेशभर के शिक्षक संगठन के प्रत्येक संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ सहभागी रहेंगे।






