जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाएं, हर घर प्रमाणीकरण बढ़ाएं : डीएम
जल संस्थान की योजनाएं पूर्ण, पेयजल निगम की कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए लक्ष्य आधारित कार्य के निर्देश

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को एनआईसी कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत जनपद में संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने और हर घर प्रमाणीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि विभाग की सभी योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और अधिकांश योजनाओं में हर घर प्रमाणीकरण भी पूरा किया जा चुका है। वहीं पेयजल निगम की प्रमाणीकरण प्रगति अपेक्षाकृत कम मिलने पर डीएम ने हर माह निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक घरों का प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वनभूमि प्रकरणों का शीघ्र हो निस्तारण
जिलाधिकारी ने वनभूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। उन्होंने ₹2 करोड़ और ₹5 करोड़ से अधिक लागत वाली योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक भौतिक प्रगति का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मिले निर्बाध पानी
डीएम ने विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने इन संस्थानों में कार्यशील नल कनेक्शन और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल स्रोतों और टैंकों की नियमित सफाई कराने पर भी जोर दिया।
मानसून में नियमित होगी पानी की जांच
मानसून को देखते हुए जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को आवंटित ग्रामों के पेयजल स्रोतों से नियमित जल नमूने लेकर जांच कराने और रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। जांच रिपोर्ट असंतोषजनक मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समयबद्ध समाधान करने को कहा गया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, सहायक अभियंता अनुराग मैठाणी, डीडब्ल्यूएसएम प्रोजेक्ट मैनेजर सत्य प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






