
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- वार्ड नंबर छह केशव नगर में घर में सो रहे एक व्यक्ति पर उसके ही बेटे ने चक्की पीसने वाले पत्थर से कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और उनका जबड़ा भी टूट गया। गंभीर हालत में उनका उपचार रुद्रपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि केशव नगर निवासी सुंदर लाल घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे सूरज ने कथित तौर पर चक्की के पत्थर से उन पर हमला कर दिया। घटना में सुंदर लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए उप जिला अस्पताल सितारगंज लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रुद्रपुर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में सुंदर लाल के दूसरे बेटे सोनू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूरज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सोनू ने आरोप लगाया कि आरोपी घर के अंदर किसी को जाने नहीं दे रहा था और परिजनों को धारदार हथियार से जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।






