
जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नैनीताल भ्रमण को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।
इस दौरान मुख्यमंत्री के आवागमन वाले रूट, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और डायवर्जन प्लान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर मुस्तैदी से तैनात रहने को कहा गया।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर नजर रखने, बैरिकेडिंग एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से आपसी समन्वय और वायरलेस संचार व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के साथ अनुशासन, सतर्कता और विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






