
जन एक्सप्रेस /खटीमा :– देवभूमि उद्यमिता योजना (डीयूवाई) के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के चयनित छात्र-छात्राओं ने आईआईएम काशीपुर में आयोजित सात दिवसीय आवासीय बूट कैंप में प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण 16 से 21 सितंबर 2026 तक आयोजित किया गया।
इससे पहले विद्यार्थियों ने ईटीसी हल्द्वानी में तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप में प्रशिक्षण लिया था। उत्कृष्ट सहभागिता के आधार पर बीए तृतीय वर्ष की छात्रा आकांक्षा शर्मा और गौरव बिष्ट का IIM काशीपुर के प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, बिजनेस मॉडल, व्यावसायिक विचार, स्वरोजगार और उद्यम स्थापना समेत विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। समूह कार्य और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उद्यमिता से जुड़े कौशल भी विकसित किए।
डीयूवाई के नोडल अधिकारी डॉ. फखरुद्दीन राही ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार कटियार ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण को उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।






