
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- राजकीय महाविद्यालय पुरोला के छात्रसंघ चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की पुरोला इकाई में भारी असंतोष देखने को मिला। प्रत्याशी चयन प्रक्रिया से नाराज जिला संयोजक अखलेश चौहान के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
प्रांत मंत्री को भेजे गए त्यागपत्र में कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से संगठन की विचारधारा और छात्र हित में निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं, लेकिन छात्रसंघ चुनाव में प्रत्याशी चयन के दौरान समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई। आरोप है कि टिकट चयन में स्थानीय स्तर पर हस्तक्षेप हुआ, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हुआ।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने अपनी आपत्तियां संगठन के समक्ष रखीं, लेकिन उन्हें अपेक्षित महत्व नहीं मिला। इसके चलते उन्होंने सामूहिक रूप से अपने दायित्वों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
त्यागपत्र पर अखिलेश रावत,प्रीतम कैंतुरा, सूरज रावत, शिष्य नौटियाल, नीरज पंवार, आयुष रावत, हिमांशु रावत, अरविंद, सौरव रावत, स्नेहा रावत, प्रिया, अंजलि, काजल, भारती, रिया आदि पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।






