उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंलखनऊ

सपा प्रदेश अध्यक्ष से राजकुमार पाल एडवोकेट की मुलाकात, पाल समाज को साधने की कवायद तेज

राज्य ब्योरो प्रमुख – हेमनरायन द्विवेदी

जन एक्सप्रेस / लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी चुनावी समीकरणों को लेकर हलचल तेज होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल से राजकुमार पाल एडवोकेट की मुलाकात के बाद सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। रविवार को हुई इस मुलाकात में विधानसभा अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव और गौउलाल पाण्डेय भी मौजूद रहे।

राजकुमार पाल की समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से हुई इस मुलाकात को राजनीतिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर ऐसे समय में जब उत्तर प्रदेश में विभिन्न सामाजिक वर्गों को अपने साथ जोड़ने की राजनीतिक कवायद तेज है। मुलाकात के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या राजकुमार पाल एडवोकेट जल्द ही समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं?

हालांकि, राजकुमार पाल एडवोकेट  के सपा में शामिल होने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है, लेकिन मुलाकात ने इन अटकलों को जरूर हवा दे दी है। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को आने वाले दिनों में बनने वाले नए राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं।

अगर राजकुमार पाल एडवोकेट समाजवादी पार्टी का दामन थामते हैं, तो इसका सीधा असर पाल समाज की राजनीति पर पड़ सकता है। सपा को उम्मीद हो सकती है कि राजकुमार पाल के जरिए पाल समाज के बीच पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत होगी। वहीं, पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण को भी इससे मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सामाजिक समीकरण हमेशा से चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। ऐसे में राजकुमार पाल एडवोकेट  और श्याम लाल पाल की मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और सभी की नजरें अब राजकुमार पाल एडवोकेट के अगले राजनीतिक कदम पर टिकी हैं।

फिलहाल, राजकुमार पाल एडवोकेट के सपा में शामिल होने को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष से उनकी मुलाकात ने यह संकेत जरूर दिया है कि पाल समाज को साधने की समाजवादी पार्टी की कवायद आने वाले समय में और तेज हो सकती है। अब देखना होगा कि यह मुलाकात आगे चलकर किसी बड़े राजनीतिक ऐलान में बदलती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button