
जन एक्सप्रेस /पाटी:- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटी पुलिस ने 3.955 किलोग्राम अवैध चरस के साथ हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल फ्रॉन्क्स कार, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पाटी पुलिस कनवाड़ बैंड तिराहे से ढोली गांव जाने वाली सड़क पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने कार संख्या डीएल-2सीबीजी-4970 को रोककर तलाशी ली। कार में सवार रवि (23) पुत्र सुमेर सिंह और सोनू (31) पुत्र सत्यनारायण, दोनों निवासी ग्राम निन्दाना, तहसील मेहम, जिला रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 3.955 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना पाटी मे एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चरस को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने के लिए ले जाने की बात बताई। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र भट्ट, कांस्टेबल बसंत पांडे, कांस्टेबल गिरीश सिंह बिष्ट और कांस्टेबल जीवन कुमार शामिल रहे।






