
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक युवक को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को राजा कॉलोनी निवासी महेंद्र पाल सिंह शौचालय गए थे। वापस लौटने पर कमरे में रखा उनका वीवो टी2उक्स मोबाइल फोन गायब मिला। इस संबंध में 24 सितंबर को ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिडकुल जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के आगे खोखे के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज पुत्र ननकी निवासी ग्राम मुबारकपुर थाना केमरी जिला रामपुर, उम्र 19 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी हुआ वीवो टी2एक्स मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मौजूद सफेद रंग के थैले की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के 9 अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल जगमोहन गौड़ और कांस्टेबल नन्दन राम शामिल रहे।






