भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां, बेटे और दामाद की मौत

जन एक्सप्रेस,हरदोई :- हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के समुदा गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां, उनके बेटे और दामाद की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामापुर छैया गांव निवासी रमेश (32) की पत्नी कामिनी गर्भवती हैं और शुक्रवार को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती हुई थीं। रमेश और उनका साला सोहेल (25) नोएडा में नौकरी करते थे और पत्नी के प्रसव के दौरान घर आए थे। शनिवार सुबह सोहेल अपनी मां गुड्डी देवी (49) निवासी भुवनपुरवा और बहनोई रमेश को बाइक पर बैठाकर अस्पताल जा रहे थे।
बताया गया कि समुदा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर जिला महिला अस्पताल में भर्ती कामिनी को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। जिस समय वह पति रमेश के लौटने और प्रसव के बाद परिवार में खुशियां आने का इंतजार कर रही थीं, उसी दौरान पति, भाई सोहेल और मां गुड्डी देवी की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। रमेश की छह वर्षीय बेटी अवंतिका भी है।
एक साल में परिवार पर दूसरी बड़ी त्रासदी
गुड्डी देवी के परिवार में उनके पति सर्वेश और तीन बेटियां कामिनी, आरती व शालू हैं। परिजनों के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले उनके बड़े बेटे रूक्मांगत की भी मौत हो गई थी। अब सड़क हादसे में दूसरे बेटे सोहेल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कार कब्जे में, चालक की तलाश
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






