
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष 2026 में गायत्री परिवार के वैश्विक विस्तार को एक और नई दिशा मिली है। अमेरिका के न्यूजर्सी में करीब 90 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित नए आरण्यक (विशेष साधना केंद्र) का अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने भूमि पूजन किया। लगभग 50 साधकों के आवास की सुविधा वाले इस आरण्यक को साधना, स्वावलंबन और संस्कार के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रस्तावित आरण्यक में साधकों के लिए नियमित साधना, स्वाध्याय और आध्यात्मिक अनुशासन के साथ सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों का वातावरण उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य अमेरिका में रह रही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ना भी है।
इस अवसर पर देवसंस्कृति विवि के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि आरण्यक भारतीय ऋषि परंपरा में साधना और व्यक्ति निर्माण के केंद्र रहे हैं। जन्मशताब्दी वर्ष में अमेरिका की धरती पर ऐसे केंद्र का निर्माण गायत्री परिवार के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार की गतिविधियां विश्व के विभिन्न देशों में विस्तार पा रही हैं। न्यूजर्सी का यह आरण्यक साधना, स्वाध्याय, संयम और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। जन्मशताब्दी वर्ष में शुरू हुई यह पहल भारतीय संस्कृति एवं ऋषि परंपरा के मूल्यों को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।






